आगरा में 21 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव, 10 और नमूने जांच को भेजे गए

आगरा में कोरोना वायरस की आशंका पर बृहस्पतिवार को लिए गए 21 लोगों के नमूनों की रिपोर्ट भी निगेटिव है। एहतियातन आइसोलेशलन वार्ड में भर्ती किए गए सभी 10 लोगों को घर भेज दिया गया है। शुक्रवार को 10 और लोगों के नमूने लेकर जांच को किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ भेजे गए हैं। 


जिला अस्पताल में संयुक्त अरब अमीरात से लौटे एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत 10 लोगों को एहतियातन आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया था। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इनको घर भेज दिया है। इन पर 14 दिन तक चिकित्सकीय निगरानी रखी जाएगी। 

शुक्रवार को कोरोना वायरस की आशंका पर 32 लोग जिला अस्पताल नमूना देने के लिए पहुंचे। इनकी चिकित्सकों ने स्क्रीनिंग कर 10 के नमूने लेकर जांच को भेजे दिए हैं। जिलाधिकारी प्रभुनारायण सिंह ने बताया कि घबराने की जरूरत नहीं है, सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। 10 और नमूने लेकर जांच को भेजे हैं।

युवती की एक और रिपोर्ट पॉजिटिव आई 

सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएन मेडिकल कॉलेज) इमरजेंसी के आइसोलेशल वार्ड में भर्ती कोरोना वायरस की मरीज की हालत ठीक है। अभी उसकी जांच कराई जा रही है। दो बार जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उसे डिस्चार्ज किया जाएगा। हालांकि शुक्रवार को उसकी एक और रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।