आगरा जिले के गांव उदैना में बृहस्पतिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खोदाई के दौरान युवकों पर मिट्टी की ढाय गिर गई। मलबे में दबने से दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना जगनेर क्षेत्र के गांव उदैना निवासी ओमकार (20) पुत्र प्रीतम, घनश्याम (24) पुत्र जनक सिंह, मुकेश पुत्र महेंद्र, रूप किश पुत्र गोपाल बृहस्पतिवार को अपने गांव के ही टीले से घर के लिए मिट्टी खोदने गए थे।
चारों युवक मिट्टी खोद रहे थे। तभी मिट्टी की ढाय उनके ऊपर गिर गई। मलबे में चारों लोग दब गए। इसकी जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला।
उपचार के लिए ले जाते समय ओमकार (20) और घनश्याम (24) ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मुकेश और रूपकिशोर की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जगनेर राजकमल, सीओ खेरागढ़ प्रदीप कुमार, तहसीलदार सुमंत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।